सूत्र:
हेरी! मैं तो दरद दिवानी, मेरो दरद न जाणे कोइ।
घायल की गति घायल जाणे, की जिन लाई होइ।
जौहरि की गति जौहरि जाणे, की जिन जौहर होइ।
सूली ऊपर सेज हमारी, सोवण किस विधि होइ।
गगन मंडल पे सेज पिया की, किस विधि मिलना होइ।
दरद की मारी बन बन डोलूं, बैद मिल्या नहिं कोइ।
मीरा के प्रभु पीर मिटेगी, जब बैद सांवलिया होइ।
बंसीवारा आज्यो म्हारो देस, थांरी सांवरी सूरत बाला भेस।
आऊं—आऊं कर गया सांवरा, कर गया कौल अनेक।
गिणता—गिणता घस गई जी, म्हारी आंगलिया की रेख।
मैं बैरागण आदि की जी, थारि म्हारि कदको सनेस।
बिन पाणी बिन सावण सांवरा, हो गई धोए सफेद।
जोगण होकर जंगल हेरूं, तेरो नाम न पायो भेस।
तेरी सूरत के कारण मैं तो, धारया छे भगवा भेस।
मोरमुकुट पीतांबर सोहे, घूंघरवाला केस।
मीरा के प्रभु गिरधर नागर, मिल्यां मिटेगा क्लेस।
बाला मैं बैरागण हूंगी।
जिन भेषां म्हारो साहब रीझै, सो ही भेष धरूंगी।
शील संतोष धरूं घट भीतर, समता पकड़ रहूंगी।
जाको नाम निरंजन कहिए, ताको ध्यान धरूंगी।
गुरु के ज्ञान रंग तन कपड़ा, मन मुद्रा पैरूंगी।
प्रेम प्रीत सूं हरिगुण गाऊं चरणन लिपट रहूंगी।
या तन की मैं करूं कींगरी, रसना नाम कहूंगी।
मीरा के प्रभु गिरधर नागर, साधा संग रहूंगी।
हेरी! मैं तो दरद दिवानी, मेरो दरद न जाणे कोइ।
घायल की गति घायल जाणे, की जिन लाई होइ।
जौहरि की गति जौहरि जाणे, की जिन जौहर होइ।
हेरी! मैं तो दरद दिवानी, मेरो दरद न जाणे कोइ।
________________________________________
सिसकता हुआ मन अभी चुप हुआ है
जरा ठहरो, अभी मत रुलाओ
लगी चोट जब से तभी से रुदन है
बहुत ही कसक है बहुत ही जलन है
न आंसू थमे हैं नहीं दर्द कम है
भरेगा नहीं कि यह ऐसा जखम है
गए चोट करके पुनः लौट आए
कि कितने निठुर हो तुम्हें क्या बताएं
अभी घाव गीला है पीड़ा बहुत है
इसे फिर न छू लो न फिर से दुखाओ।
बहुत नींद तेरी झुकी पर न पलकें
गई भाल पर छा परेशान अलकें
कि बेचैन करवट शिकन हर चिढ़ाती
कि घायल की पीड़ा रही है बढ़ाती
कि पल भर हुआ है अभी पीर चुप है
सपन देखता प्राण का कीर चुप है
कि आंखें रुआंसी अभी ही लगी हैं
सपन यह न टूटे अभी मत जगाओ।
शलभ की लगन है जला दीप आया
मचल ज्वाल चूमी अधर को जलाया
कि बलिदान पर भी मिटी है न दूरी
अभी अर्चना है हृदय की अधूरी
गड़ी फांस मन में कि सोने न देगी
अभी पंख झुलसे सभी तन न झुलसा
निठुर दीप तुम यह अभी मत बुझाओ
सिसकता हुआ मन अभी चुप हुआ है।
जरा ठहरो, अभी मत रुलाओ।
________________________________________
जीवन की गलियों में
हम तो चुपचाप रहे।
मिलन बहुत प्यारा है
विरह बहुत खारा है
जीवन की प्याली में
दोनों ही साथ रहे
जीवन की गलियों में
हम तो चुपचाप रहे।
आंसू में थिरकन है
आहों में कंपन है
जीवन की लहरों पर
आशा की नाव बहे
जीवन की गलियों में
हम तो चुपचाप रहे।
लिखना मजबूरी है
खुद से भी दूरी है
अब तक तो गीतों ने
मन के ही दर्द कहे
जीवन की गलियों में
हम तो चुपचाप रहे।
________________________________________
आऊं—आऊं कर गया सांवरा, कर गया कौल अनेक।
जब भी आशा—लहरों के हाथों नैया सौंपी
तूफानों से मिल तट ने सपने नीलाम किए
जानी—अनजानी भूलों का कर्ज चुकाने में।
सौंधी माटी जैसी सुघर उमरिया बीत चली
संबंधों के चौराहे पर किरण अकेली है
सुबह—सुबह पनघट पर नवल गगरिया रीत चली
किसने चाहा नहीं अमा के द्वार दिवाली हो
किंतु तिमिर की गलियों में दीपक बदनाम हुए
अश्रु—धरा पर गीतों के बिरवों को प्राण मिले
अनबोली अभिशप्त विवशता डाल—डाल फूली
ढलते वैरागी दिन जैसी प्रीत बावरी है
मेरी ही परछाई मुझको अनायास भूली
ठिठक गए विश्वासों के पग सर्पीले पथ पर
अनब्याही अल्हड़ निष्ठा कब तक निष्काम जिए
तन की अंजुरी में मन पारे जैसा बिखर गया
चपला की चितवन सुरधनु को बांध नहीं पाई
तरुछाया को मीत मान कर जीना मुश्किल है
बिना प्यार की छांव जिंदगी कभी न मुस्काई।
________________________________________
ये तुझसे किसने कहा गम से दिल तबाह नहीं
ये और बात कि मेरे लबों पे आह नहीं
वो एक मैं कि सरापा सवाल हूं कब से
वो एक तू कि तुझे फुरसते निगाह नहीं
ये तुझसे किसने कहा कि गम से दिल तबाह नहीं?
________________________________________
जो मैं तुमसे कह रहा हूं वह पद्य है और तुम्हारे भीतर प्रार्थना बन सकता है। थोड़ी राह दो। थोडा मार्ग दो। तुम्हारे हृदय की भूमि में यह बीज पड़ जाये तो इसमें फूल निश्चित ही खिलने वाले हैं। यह पद्य ऊपर से प्रगट न हो, लेकिन यह पद्य तुम्हारे भीतर प्रगट होगा। और निश्चित ही जो मैं तुमसे कह रहा हूं वह मौन से आ रहा है। मौन से ही कहना चाहता हूं, लेकिन तुम सुनने में समर्थ नहीं हो। लेकिन जो मैं तुमसे कह रहा हूं, वह मौन के लिए है; मौन से है और मौन के लिए है। जो शब्द मैं तुमसे कहता हूं वह मेरे शून्य से आ रहा है, शून्य से सरोबोर है। तुम जरा उसे चबाना। तुम उसे जरा चूसना। तुम जरा उसे पचाना। और तुम पाओगे. शब्द तो खो गया, शून्य रह गया। ओशो